हिंसक हुआ विरोध, केशव प्रसाद मौर्य के विरोध के लिए जुटे किसानों पर चढ़ाई कार
केन्द्रीय मंत्री के भाषण ने लगा दी थी आग!
बवाल को केन्द्रीय मंत्री के भाषण से भी जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें केन्द्रीय मंत्री अजय मिश्र टेनी किसानों का नाम लिए बगैर उन्हें सुधारने की बात कह रहे हैं। वीडियो में अजय मिश्र टेनी कह रहे हैं कि आप भी किसान हैं आप क्यों नहीं उतर गए आंदोलन में। अगर मैं उतर जाता तो उनको भागने का रास्ता नहीं मिलता। वीडियो में यह भी कहते हुए दिख रहैं कि 10-15 लोग यहां पर शोर मचाते हैं तो फिर तो पूरे देश में आंदोलन फैल जाना चाहिए। क्यों नहीं फैला 10-11 महीने हो गए। मैं ऐसे लोगों को कहना चाहता हूं सुधर जाओ….नहीं तो सामना करो आकर हम आपको सुधार देंगे, बस दो मिनट लगेगा। हालांकि वीडियो 20 दिन पुराना बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि केन्द्रीय मंत्री के इस भाषणा के बाद से किसानों ने उनका विरोध शुरू कर दिया था।
अजय मिश्रा बोले- घटना में उनके बेटे का दोष नहीं
इस बीच, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने एक चैनल से कहा कि कार्यक्रम में शिरकत करने आ रहे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की अगवानी के लिए कुछ कार्यकर्ता जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में तिकुनिया में धरना प्रदर्शन कर रहे किसानों ने कार्यकर्ताओं की गाड़ी पर पथराव कर दिया जिससे वह गाड़ी पलट गई। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि लखीमपुर खीरी में ‘किसानों के प्रदर्शन में शामिल कुछ तत्वों’ की पिटाई में भाजपा के तीन कार्यकर्ताओं और एक ड्राइवर की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की कार पर पथराव किया गया जिससे वह पलट गई, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं की पीट पीट कर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि इस घटना में उनके बेटे की कोई संलिप्तता नहीं है।गृह राज्य मंत्री ने दावा किया, “कार्यकर्ताओं ने नहीं बल्कि किसानों ने कार्यकर्ताओं पर हमला किया। वहां किसानों के रूप में कुछ अराजक तत्व भी शामिल थे। उन्होंने ही घटना को अंजाम दिया है। इस मामले की निष्पक्ष तरीके से जांच होगी।