मास्को: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी और रूसी विचारक अलेक्जेंडर डुगिन की बेटी की कार बम विस्फोट में मौत हो गयी। जानकारी के अनुसार यह घटना मास्को के बाहरी इलाके में हुई है। रूसी मीडिया की तरफ से कहा गया है कि अलेक्जेंडर डुगिन ही इस हमले में निशाने पर थे लेकिन अंतिम समय में उनके कार पर उनकी बेटी सवार थी जिस कारण डुगिन के धोखे में उसकी मौत हो गई रूस की जांच समिति ने एक बयान में कहा कि 1992 में पैदा हुई डारिया डुगिन की मौत तब हुई जब उसके टोयोटा लैंड क्रूजर में रखा एक बम विस्फोट हो गया, उस समय वह मास्को के बाहर लगभग 40 किलोमीटर दूर बोल्शी वायज्योमी गांव के पास एक हाईवे पर जा रही थी।
रूस में प्रमुख अपराध मामलों की जांच करने वाली समिति ने कहा है कि डारिया डुगिन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। डुगिन को राष्ट्रपति पुतिन का ब्रेन कहा जाता है। वो मुखर रूसी अतिराष्ट्रवादी बुद्धिजीवी हैं। उन्होंने लंबे समय से एक विशाल नए रूसी साम्राज्य में रूसी-भाषी क्षेत्रों के एकीकरण की वकालत की है और यूक्रेन में मास्को के संचालन का तहे दिल से समर्थन किया है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस घटना को किन लोगों ने अंजाम दिया है।