प्रथम राष्ट्रपति डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद की 137वीं जयंती को कायस्थ हुंकार रैली के रूप में मनाएगा कायस्थ समाज
लखनऊ। भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ.राजेन्द्र प्रसाद की 137वीं जयंती 03 दिसम्बर को गोमती नदी के तट पर ‘कायस्थ हुंकार रैली’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसे लेकर शनिवार को लखनऊ स्थित गोमती होटल में एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें मुख्य रूप से पूर्व राज्यसभा सांसद आर.के. सिन्हा, सुबोध कांत सहाय के साथ विनोद बिहारी वर्मा, इन्द्रसेन श्रीवास्तव, मनोज लाल,रमेश श्रीवास्तव,दीपक रंजन आदि लोग उपस्थित थे।
बैठक में बताया कि कायस्थ हुंकार रैली को लेकर अभी से तैयारियां शुरू हो गई है। इस रैली में प्रदेश भर से कायस्थ समाज के लोग इकट्ठा हो रहे हैं। इस हुंकार रैली में डॉक्टर राजेन्द्र प्रसाद सहित तमाम कायस्थ नेताओं के भारत की आजादी की लड़ाई और देश के विकास में अमूल्य सहयोग पर चर्चा होगी। श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश भर से कायस्थ समाज के लोग इस सम्मेलन में आएंगे और उनके विचारों को सुना जायेगा। कायस्थों के मान, सम्मान और अधिकार की धीरे – धीरे उपेक्षा चरम पर पहुंच गई है। कायस्थ समाज के लोग राजनैतिक और आर्थिक रूप से पिछड़ गए हैं। साथ ही सामाजिक रूप से कायस्थों की वर्चस्ववादी व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है।
उत्तर प्रदेश में मुस्लिम कायस्थों का तो रिजर्वेशन होता है, लेकिन जो हिन्दू कायस्थ सामाजिक आर्थिक रूप से पिछड़ गए हैं, उनकी सुध लेने के लिए संवाद से संघर्ष तक का रास्ता इस रैली के माध्यम से निकाला जाएगा। इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के कायस्थ समाज के विभिन्न संगठन अखिल भारतीय चित्रांश महासभा, अन्तराष्ट्रीय कायस्थ सभा, चित्रांश लोक सेवा समिति, कायस्थ सेवा अन्तराष्ट्रीय, कायस्थ महासभा लखनऊ, चित्रांश सभा, कायस्थ संघ, समता फाउण्डेशन, कायस्थ समाज कल्याण महासभा, कायस्थ कल्याण समिति, कायस्थ स्वाभिमान सभा, संगत—पंगत आदि के सहयोग से ये रैली हो रही है। इस रैली को पूर्व राज्यसभा सांसद आर.के. सिन्हा, पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय,शत्रुघ्न सिन्हा समेत तमाम गणमान्य व्यक्ति सम्बोधित करेंगे।