आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर जनता का पैसा खर्च कर रही है सरकार: बी.एल. प्रेमी
लखनऊ: 12 अगस्त। राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता बी.एल. प्रेमी ने कहा कि भाजपा सरकार आजादी की 75वीं वर्षगांठ जो मना रही है जिसमें जनता का पैसा पानी की तरह बहा रही है इस सरकार से पहले पूर्ववर्ती सरकारें भी आजादी की वर्षगांठ मनाती थी लेकिन वाजिब खर्च करती थी। अब रही आजादी के 75 वर्ष बीत जाने के बाद भी दलितों, अन्य पिछड़ों और अल्पसंख्यक वर्ग के हालात पहले से बदतर होते जा रहे है सरकार ने नौकरी, स्वास्थ्य और शिक्षा पर ध्यान देना बंद कर दिया है। किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह हमेशा कहा करते थे कि किसानों, गरीबों व दलितों का विकास सरकारी नौकरी से ही सम्भव है और हुआ भी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश के सरकारी संस्थानों को अपने पूंजीपति साथियों के हाथ में बेचती जा रही है। जिससे देश का आर्थिक विकास रूक गया है देश की तरक्की रूक गयी है क्योंकि न सरकारी विभाग रहेंगे और न ही सरकारी नौकरी रहेंगी। देश का युवा वर्ग सरकारी नौकरी के लिए दर दर भटक रहा है लेकिन सरकार कोई सुध नहीं ले रही और जब वह अपने हक के लिए आवाज उठाता है तो उस पर पुलिसिया प्रशासन द्वारा लाठियां भांजी जाती है। वर्तमान भाजपा सरकार ने संविधान और लोकतंत्र का गला घोटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि घमण्डी सरकार अपनी हठधर्मिता को छोडकर आम जनता, युवा वर्ग किसान और मजदूर के लिए धरातल पर काम करे अन्यथा वह दिन दूर नहीं जब देश का युवा वर्ग इन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखायेगा।
उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान से लेेकर देष के प्रधानमंत्री को अधिकार के साथ साथ कर्तव्य भी देश के संविधान ने दिया हुआ है। प्रधानमंत्री ने देश की जनता को नया क्या दे दिया। प्रधानमंत्री ने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपना कर्तव्य नहीं निभाया।