लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एकबार फिर बीजेपी सरकार पर हमला किया है। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि बीजेपी सरकार व्यापारियों को कंगाल करने पर तुली हुई है। व्यापारियों का मान-सम्मान समाजवादी पार्टी में ही सुरक्षित है। अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी ईमानदारी से व्यापारियों का साथ निभाएगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की संपत्तियों को बेच रही है। लगातार देश को कंगाल बनाने पर तुली हुई है। कुछ पूंजीपतियों के लाभ के लिये बीजेपी देशवासियों को भी धोखा देने से नहीं कतरा रही है।
सपा मुखिया ने कहा कि बीजेपी ने सत्ता हासिल करने के बाद सिर्फ अपना विकास किया है। साल 2014 लोकसभा, 2017 यूपी विधानसभा और 2019 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी ने आम जनता को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि चाहे केंद्र हो या प्रदेश हो, बीजेपी सरकार ने देश को पूरी तरह खोखला कर दिया है। बीजेपी की अर्थनीति का आलम यह है कि पूरी अर्थव्यवस्था ही रसातल में जा चुकी है। अखिलेश ने कहा कि सपा ही देश को विकास के रास्ते पर लेकर जा सकती है। व्यापारियों से आह्वान करते हुए कहा कि 2022 में सपा की सरकार बनने पर सभी की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी की वजह से विकास पूरी तरह थम गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी हमेशा अपने छद्म एजेंडा पर काम करती है। अयोध्या के किसानों के साथ बीजेपी ने अन्याय किया है। अखिलेश ने कहा कि सपा में ही किसानों की सुरक्षा संभव है। किसान और व्यापारियों के बिना किसी भी राष्ट्र का का विकास संभव नहीं है। विशेषकर भारत में किसान और व्यापारी एकदूसरे के पूरक माने जाते हैं। लेकिन इस बीजेपी सरकार ने इन दोनों ही समाज को विशेष रूप से प्रताड़ित किया है। बीजेपी की सरकार ने अयोध्या के किसानों को पूरी तरह उजाड़ दिया है। उनकी पीड़ा की अनदेखी की जा रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश की एकता सबसे उपर है। जो संविधान के साथ खड़ा नहीं होता है, हमेशा उसके विरोध में रहना चाहिए। यही असली देशभक्ति और असल राष्ट्रवाद है। देश के साथ बीजेपी ने छल किया है। भाजपा की नीतियां राष्ट्र विरोधी हैं। बीजेपी चहुंओर देश की जनता को लूटने में लगी है। खुद और छोटे व्यापारियों को तो खत्म कर दिया गया है। वे भुखमरी के कगार पर आ गए हैं। महंगाई और भ्रष्टाचार ने जनता का हाल बेहाल कर दिया है।
इस मौके पर पर अयोध्या के पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय के साथ व्यापारियों में राकेश अग्रवाल, रामू गुप्ता (मिस्टर ब्राउ़न), हरीश मुरारका, शिव कुमार सिंघानिया, रंजीत सिंह, नरेन्द्र मौर्या, सुमित गुप्ता, सुनील पाल, प्रदीप कुमार गुप्ता, नीरज वर्मा, डी पी सिंह, आरिफ मुहम्मद, पवन सिंह, जाहिद हुसैन, डैनी वेरियन, सुमित गर्ग, गुड्डू मिश्रा, संजीव अग्रवाल, कीर्ति द्विवेदी, शरीफ अहमद, चन्द्रशेखर गुप्ता, मोहित गुप्ता, श्यामजी केसरवानी, रामाकान्त, जावेद, करन गुलाटी, अमित अरोड़ा, संदीप मुरारका, पंकज सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।