उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि जिन लोगों का आजादी की लड़ाई में कोई इतिहास नहीं, वह ताकतें देश के लोकतंत्र को खंडित करने की लगातार साजिश रच रही हैं। देश के भाईचारे को बांटने का प्रयास किया जा रहा है और भारतीय संविधान पर लगातार हमला कर संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ हो रहा है। वह स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर प्रदेश मुख्यालय पर झण्डारोहण करने के बाद समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, पण्डित जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल जैसे महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान के बलबूते पर काफी संघर्ष और कीमत चुकाने के बाद हमें यह आजादी प्राप्त हुई है। इनकी वजह से ही दुनिया भर में भारत मजबूत लोकतांत्रिक देश के रूप में स्थापित है। देश की एकता व अखण्डता के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी व भारत रत्न राजीव गांधी ने भी शहादत दी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों को छीनने का षड्यंत्र करके लोगों की आवाज दबा रही है। देश की लोकतांत्रिक मजबूती को खत्म करने का प्रयास चल रहा है। भारतीय युवाओं, किसानों, महिलाओं के स्वाभिमान, सम्मान की रक्षा करने में सरकार पूरी तरह फेल साबित हो चुकी है। भाजपा सरकार में आज देश का किसान, व्यापारी अपनी मेहनत की उचित कीमत नहीं पा रहा है। बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, कालाबाजारी के साथ ही भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया भर में कमजोर होती जा रही है। देश में बेरोजगारी व महिला उत्पीड़न में लगातार वृद्धि हुई है।
उन्होंने राहुल गांधी के ट्विटर एकाउंट को बंद किए जाने और सांसदों के साथ किए गए बुरे बर्ताव पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि लोगों के अधिकारों व आवाज को दबाने का सरकारी षड्यंत्र है। उन्होंने कांग्रेसजनों से अपील की है कि चाहे जान रहे या जाए, गांव गरीब को बचाने और किसानों, नौजवानों, महिलाओं के सम्मान-स्वाभिमान की रक्षा के लिए चाहे जो भी कुर्बानी देनी पड़े कांग्रेसी पीछे न हटें। कार्यक्रम में विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष(प्रभारी प्रशासन) योगेश दीक्षित, पूर्व विधायक सतीश अजमानी, श्यामकिशोर शुक्ला, सुबोध श्रीवास्तव, वीरेन्द्र मदान आदि मौजूद रहे।