रामपुर: प्रदेश कांग्रेस के अरशद महासिचव और सचिन बने सचिव
रामपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने अरशद अली खां गुड्डू को प्रदेश सचिव से प्रदेश महासचिव नियुक्त किया है। जबकि, सचिन त्रिवेदी को प्रदेश सचिव बनाया गया है। प्रदेश संगठन में रामपुर के दो नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
शहर के मोहल्ला काजी की गली स्थित अरशद अली खां गुड्डू के प्रदेश महासचिव बनने पर कांग्रेसियों में हर्ष है। उन्होंने प्रभार क्षेत्र जिला मुरादाबाद में भाजपा के खिलाफ आंदोलन चलाए और बैठकें कर प्रदेश सरकार की गलत नीतियों और महंगाई के खिलाफ अभियान चलाया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अरशद अली खां गुड्डू ने कहा कि अपनी हर सम्भव कोशिश से कांग्रेस पार्टी को मजबूती दूंगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की सहमति पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने देर रात उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का विस्तार करते हुए तीन प्रदेश उपाध्यक्ष,एक संगठन महासचिव,ग्यारह महासचिवों के अलावा 28 प्रदेश सचिव नियुक्त किये हैं। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य युवा चेहरा सचिन त्रिवेदी को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। सचिन पूर्व में एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर रहे हैं। सचिन पहले भी संगठन सृजन कार्यक्रम में मुरादाबाद और बरेली कांग्रेस के प्रभारी रह चुके हैं। इससे पहले विधानसभा चुनाव में राजस्थान के नागौर में भी प्रभारी के रूप में पार्टी संगठन का काम कर चुके हैं। सचिन युवाओं में खासा लोकप्रिय हैं।
नूरमहल के कांग्रेसमय होने से भी मिलेगी मजबूती
रामपुर में कांग्रेस हमेशा मजबूत रही है। इस बार नूरमहल के कांग्रेसमय होने से भी फायदा मिलेगा। अभी तक की स्थिति में रामपुर शहर से नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां का टिकट पक्का माना जा रहा है। उन्होंने खुद हाईकमान से अपने चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर दी है। वहीं स्वार टांडा से उनके बेटे नवाबजादा हमजा मियां तैयारी कर रहे हैं। उनका भी टिकट पक्का माना जा रहा है। इन टिकटों में अगर कहीं किसी दल से कांग्रेस का गठबंधन भी होता है तो बदलाव संभव नहीं है। तीसरी मजबूती यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय कपूर की वजह से भी है। वह बिलासपुर सीट से चुनाव लड़ते हैं।