नगर आयुक्त ने नवीन गल्ला मंडी के ठेकेदार पर लगाया 12 लाख का जुर्माना, जानें क्यों?
लखनऊ। सीतापुर रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी के निरीक्षण में नगर आयुक्त अजय कुमार द्विवेदी को भीषण गंदगी मिली। संबंधित ठेकेदार द्वारा यहां का कचरा आस-पास के खाली स्थानों पर फेंका जा रहा था। नगर आयुक्त ने इसके लिए कृषि उत्पादन मंडी समिति के ठेकेदार पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दी है।
नगर आयुक्त के निर्देश पर पर्यावरण अभियंता ने पिछले 2 वर्षों की पर्यावरण की क्षति के लिए ठेकेदार पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। इसके लिए कृषि उत्पादन मंडी समिति को भी जिम्मेदार माना गया है। ठेकेदार रोजाना 8 से 10 टन कचरा नगर निगम की अनुमति के बिना घैला व आसपास के क्षेत्रों में डंप कर रहा था। नगर आयुक्त के निर्देश के बाद सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध अलीगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।