मुलायम की तारीफ कर अखिलेश यादव को शिवपाल ने दी शिष्टाचार की नसीहत

अलीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर बुधवार को अलीगढ़ आए शिवपाल यादव ने एक सवाल के जवाब में मुलायम सिंह की जमकर तारीफ करते हुए भतीजे अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर ही शिष्टाचार की नसीहत दे दी। उन्होंने कहा कि राजनीति अलग विषय है। राजनीति में शिष्टाचार रहना चाहिए। कल्याण सिंह के पुत्र और एटा सांसद के मैरिस रोड स्थित आवास पर पहुंचे शिवपाल ने सबसे पहले पूर्व सीएम को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने कहा कि बाबूजी से उनके बहुत अच्छे संबंध थे।
कल्याण सिंह ने नेताजी के साथ भी काम किया है। जब मायावती मुख्यमंत्री थीं, तब प्रदेश के हालत अच्छे नहीं थे। हमने मिलकर उनको हटाने का काम किया। नेताजी से हमने शिष्टाचार और संस्कार सीखे हैं। राजनीति अलग चीज है। बाबूजी के परिवार के साथ संबंध आज भी अच्छे हैं। नेताजी से बाबूजी के निधन को लेकर बात नहीं हुई है। लखनऊ जाकर उनसे इस बारे में बात की जाएगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने अखिलेश का नाम लिए बगैर कहा कि नेताजी से उन्होंने शिष्टाचार सीखा है। लोकसभा, विधानसभा में नोकझोंक होने के बाद भी बाहर निकलकर गले मिलना नेताजी ने सिखाया है।राजनीति में यह शिष्टाचार रहना चाहिए। समाज, देश में राजनीति से उठकर सामाजिक काम करना चाहिए।