देश

राहुल गांधी के खून में ही भारत माता के प्रति मोहब्बत नहीं दिखाई देती: संजय सरावगी

पटना। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की जर्मनी यात्रा की आलोचना करते हुए कहा कि राहुल गांधी के खून में ही भारत माता के प्रति मोहब्बत नहीं दिखाई देती। बिहार भाजपा चीफ ने कहा कि कहा कि जिसे देश के प्रति प्रेम होगा, वह विदेश जाकर देश को नीचा दिखाने का काम नहीं करेगा।

पटना में आईएएनएस से बातचीत में संजय सरावगी ने कहा कि अगर हम देश के बाहर जाते हैं तो भारतीयता रहनी चाहिए, राजनीति नहीं होनी चाहिए। आप देश के अंदर राजनीति कर सकते हैं, लेकिन विदेश में भारत माता से प्रेम होना चाहिए। दूसरे देश की मिट्टी पर खड़े होकर भारत के खिलाफ बयानबाजी नहीं करनी चाहिए।

पीएम मोदी के एसआईआर पर दिए एक बयान का समर्थन करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि बिल्कुल सही बात है। कांग्रेस ने वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को छूट दी थी, हम उन्हें पहचानकर बाहर कर रहे हैं। एसआईआर का विरोध करने वाले बांग्लादेशी फर्जी मतदाताओं के नाम नहीं कटने देना चाहते। घुसपैठियों के नाम काटे जा रहे हैं तो वे विरोध कर रहे हैं। बिहार में राहुल गांधी ने वोटर अधिकार यात्रा निकाली, लेकिन जनता ने सूपड़ा साफ कर दिया। अब वे जाग जाएं। एसआईआर पर गलत बात करना छोड़ दें, नहीं तो आगे बंगाल और असम में भी सूपड़ा साफ हो जाएगा।

बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग चाहता है कि घुसपैठियों के नाम काटे जाएं। विपक्ष के लोग इसका विरोध क्यों करते हैं? पहले फर्जी मतदाताओं के नाम पर सरकारें बनाते थे। कांग्रेस ने देश को कलंकित करने का काम किया है। पाताल से लेकर आसमान तक लूटा है। भारत को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए पीएम मोदी संकल्पित हैं। वे देश को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना चाहते हैं, जबकि कांग्रेस ने देश का सोना तक गिरवी रख दिया था।

बिहार में कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि यहां सुशासन की सरकार है। जो भी अपराधी है, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। क्रिकेटर ईशान किशन की भारतीय टीम में वापसी पर संजय सरावगी ने कहा कि वे बिहार के गौरव हैं। पूरे देश और विश्व में परचम लहरा रहे हैं। बिहार के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए बड़ा दिन है। हम लोगों ने अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज श्रेयसी सिंह को कैबिनेट में जगह दी है। खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए नीतीश कुमार की सरकार काम कर रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन की बिहार दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि बिहार के लिए बड़ा दिन है। युवा नेता हमारे पटना से विधायक रहे, कई बार कैबिनेट मंत्री रहे। बिहार के लोग इंतजार कर रहे थे कि कब वे अपनी जन्मभूमि-कर्मभूमि आएंगे। 23 दिसंबर को बिहार के कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे।

संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने मुझे प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। मुझ पर भरोसा जताया है। भाजपा में विचारधारा और कार्यकर्ता ही सर्वोपरि हैं। बिहार में भाजपा के पूर्व अध्यक्षों ने अच्छा काम किया। इस चुनाव में बिहार की सरकार को अच्छा बहुमत मिला है। संगठन और सरकार का समन्वय बना रहेगा। कार्यकर्ताओं की बात सरकार तक पहुंचेगी। ईमानदारी से प्रयास करूंगा।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला द्वारा केंद्र सरकार की सराहना करने पर संजय सरावगी ने कहा कि उन्हें सराहना करनी ही चाहिए। केंद्र सरकार ने धारा 370 हटाई, जो देशहित में है। तीन तलाक कानून बनाया, जो देशहित में है। पीएम मोदी जब से प्रधानमंत्री बने, भारत चौथी अर्थव्यवस्था बना। सैन्य शक्ति बढ़ी। पीएम मोदी की सोच है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना, भारत को वैभव तक पहुंचाना। जो भी देश के लोग हैं, उन्हें इसमें सहयोग करना ही चाहिए। विकास में राजनीति नहीं होनी चाहिए। कार्यों का समर्थन करते हैं तो अच्छी बात है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button