देशबड़ी खबर

भाजपा में ‘नबीन’ युग का आगाज… 45 साल में बने सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, पीएम मोदी-अमित शाह के सामने आज ग्रहण करेंगे पदभार

नई दिल्ली। जेपी नड्डा के बाद पार्टी की कमान किसके हाथ? इस सवाल पर चल रही चर्चाओं का अंत हो गया है। बिहार के युवा नेता नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। सोमवार को पूरी हुई नामांकन प्रक्रिया में उनके अलावा कोई अन्य उम्मीदवार नहीं था, इसलिए मंगलवार (20 जनवरी 2026) को वे निर्विरोध रूप से अध्यक्ष घोषित हो जाएंगे।

यह ऐतिहासिक बदलाव पार्टी में पीढ़ीगत नेतृत्व परिवर्तन का संकेत है। 45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के इतिहास में सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन रहे हैं। वे 14 दिसंबर 2025 से राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर थे, और अब पूर्णकालिक अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे।

नामांकन में भारी समर्थन

पार्टी मुख्यालय में सोमवार दोपहर दो से शाम चार बजे तक चली नामांकन प्रक्रिया में नितिन नवीन के पक्ष में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल हुए। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित 37 सांसदों के हस्ताक्षर वाले एक सेट भी शामिल था, जो संसदीय बोर्ड की ओर से प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण ने सभी नामांकन वैध पाए जाने की पुष्टि की और शाम पांच बजे नामांकन वापसी की समयसीमा समाप्त होने के बाद घोषणा की कि केवल एक ही उम्मीदवार यानी नितिन नवीन ही हैं।

आज पदभार ग्रहण का कार्यक्रम

मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक विशेष समारोह होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। जेपी नड्डा नितिन नबीन को औपचारिक रूप से पदभार सौंपेंगे।

नितिन नबीन बिहार से पांच बार विधायक रह चुके हैं और पूर्व मंत्री भी। वे युवा मोर्चा से निकले संगठनकर्ता के रूप में जाने जाते हैं, जिन्होंने पार्टी के ग्राउंड लेवल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह नियुक्ति पार्टी की रणनीति को नई ऊर्जा देने और आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनावों के लिए तैयार करने का संकेत मानी जा रही है।

भाजपा में ‘नवीन’ युग की शुरुआत हो गई है, जहां युवा नेतृत्व के साथ संगठन को और मजबूत करने का संकल्प दिख रहा है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button