मोदी के मार्गदर्शन में ही ‘सेवा ही संगठन’ भाजपा का मूल मंत्र बना: स्वतंत्र देव सिंह
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पीएम मोदी के 71 वें जन्मदिन पर 71 दलितों का सम्मान, समरसता भोज आयोजित
सुलतानपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पीएम मोदी के 71 वें जन्मदिन के अवसर पर देर शाम सुलतानपुर के पयागीपुर स्थित एक महाविद्यालय में 71 दलितों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। प्रदेश अध्यक्ष ने अभिनन्दन कार्यक्रम के बाद समरसता भोज में भी शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष ने मोदी को भारतीय जनमानस का गौरव व लोकप्रियता का पर्याय बताते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि हम सब के लिए गौरव की बात है कि देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन भारत को सशक्त व समृद्ध बनाने के लिए समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि देश बदल रहा है वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बदल रही है। उन्होंने कहा प्रदेश की सुदृढ़ कानून व्यवस्था से जनता ने राहत की सांस ली है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्षों को याद किया। उन्होंने नरेंद्र मोदी द्वारा अनुच्छेद 370 व 35 ए हटाने, राम मन्दिर निर्माण, तीन तलाक, हर व्यक्ति को छत, शौचालय, मुफ्त अनाज जैसे जनहित के कार्यों को भी गिनाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अंत्योदय के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय,बाबा भीमराव अम्बेडकर व सरदार पटेल के सपनों को मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार लगातार समर्पित होकर पूरा कर रही है।
केंद्र सरकार की हर योजना में गांव, गरीब, किसान, दलित, पीड़ित, शोषित व वंचित के कल्याण और उनके हित प्राथमिकता में होते हैं।जबकि सपा बसपा व कांग्रेस के एजेंडे में परिवार,जाति व वंश का कल्याण प्राथमिकताओं में रहता है।पीएम मोदी के मार्गदर्शन में ही ‘सेवा ही संगठन’ भाजपा का मूल मंत्र बना।उन्होंने कहा पीएम मोदी ने डाॅ अम्बेडकर से संबंधित स्थानों को पंचतीर्थ घोषित करने का काम किया।मोदी देश के ऐसे प्रधानमंत्री है जिन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम राम की जन्म स्थली पर भव्य व दिव्य श्रीराम मन्दिर निर्माण की नींव पूजा की।
उन्होंने कहा जब अन्तिम पंक्ति का व्यक्ति बराबर होगा तभी देश खुशहाल होगा और विश्व गुरु बनने का सपना साकार होगा। प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि इसके पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के महाविद्यालय पहुँचने पर जिला प्रभारी शंकर गिरि, जिलाध्यक्ष डाॅ आरए.वर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संतबख्श सिंह चुन्नू,क्षेत्रीय महामंत्री सुशील त्रिपाठी, विधायक सूर्यभान सिंह, सीताराम वर्मा, देवमणि द्विवेदी, राजेश गौतम, पूर्व मंत्री विनोद सिंह, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश पांडेय, सुमन सिंह, सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार, जिला कोषाध्यक्ष पूजा कसौधन, पालिकाध्यक्ष बबिता जायसवाल, प्रीति प्रकाश, महिला अध्यक्ष रेखा निषाद आदि ने स्वागत किया।