लखनऊ। आगामी विधानसभा चुनाव 2022 मिशन यूपी को फतह करने के लिए भाजपा प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में विस्तारक नियुक्त करेगी। विस्तारक योजना की कमान स्वयं प्रदेश के सह संगठन मंत्री कर्मवीर संभालेंगे। विस्तारक सीधे भाजपा के प्रदेश मुख्यालय से संबद्ध होंगे। यह विस्तारक प्रत्याशी के प्रति उत्तरदायी न होकर पार्टी के प्रति पूरी तरह से उत्तरदायी होंगे। पार्टी की ओर से प्रत्येक विस्तारक को एक मोटरसाइकिल दी जाएगी। इन विस्तारकों के खर्च की जिम्मेदारी भी भाजपा उठायेगी। यह विस्तारक विधानसभा चुनाव तक पार्टी के लिए कार्य करेंगे। प्रदेश के सभी 403 विस्तारक सीधे प्रदेश के सह संगठन मंत्री कर्मवीर को रिपोर्ट करेंगे।
चुनाव से पूर्व पार्टी के विस्तारक संभावित प्रत्याशी, विधानसभा की जमीनी हकीकत, विपक्षी दलों की स्थिति, जातीय समीकरण और स्थानीय मुद्दों से प्रदेश नेतृत्व को अवगत करायेंगे। इसी आधार पर पार्टी संबंधित विधानसभा में चुनावी रणनीति बनायेगी। विधानसभा क्षेत्र में बूथ प्रबंधन से लेकर विविध संगठनों के कार्यकर्ताओं से समन्वय और चुनाव प्रचार में भी विस्तारक अहम भूमिका अदा करेंगे।
आरएसएस और अभाविप के कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता
पार्टी ने विस्तारक चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन विस्तारकों का चयन पार्टी क्षेत्र स्तर पर कर रही है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं का चयन प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। जल्द ही इनका प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जायेगा। इसके बाद अगस्त माह के अंत तक क्षेत्र में भेज दिया जायेगा। इन विस्तारकों के चयन से लेकर प्रशिक्षण और उनके कामों की निगरानी के लिए क्षेत्र स्तर पर तीन सदस्यीय टीम बनाई गयी है। इसमें एक क्षेत्रीय प्रभारी व एक संयोजक व एक सहसंयोजक होंगे। इसके अलावा जिला स्तर पर भी एक व्यक्ति को इन विस्तारकों की चिंता करने के लिए लगाया जायेगा।
सह संगठन मंत्री कर्मवीर संभालेंगे विस्तारक योजना की कमान
इस पूरी व्यवस्था को भाजपा के प्रदेश सह संगठन मंत्री कर्मवीर खुद देखेंगे तथा उनके सहयोग के लिए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक को लगाया गया है। विस्तारक योजना में पश्चिम व ब्रज क्षेत्र के लिए प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा को प्रभारी बनाया गया है। वहीं कानपुर व अवध क्षेत्र के प्रभारी के रूप में प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी काम देखेंगे। इसके अलावा काशी व गोरख क्षेत्र का प्रभारी भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बृज बहादुर भारद्वाज को बनाया गया है। इसके अलावा यूपी के सभी छः क्षेत्रों में दो-दो नेताओं को संयोजक और सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गयी है।
अवध क्षेत्र का काम देखेंगे विनोद
अवध क्षेत्र के क्षेत्र संयोजक विनोद और सह संयोजक ठाकुर प्रसाद गंगवार को बनाया गया है। कानपुर क्षेत्र में सुनील तिवारी को संयोजक और संजीव उपाध्याय सह संयोजक के रूप में कार्य करेंगे। इसी तरह काशी क्षेत्र में नागेश्वर को संयोजक और सह संयोजक अमरनाथ यादव को बनाया गया है। वहीं गोरखपुर क्षेत्र में श्रवण कुमार को संयोजक और डा. पंकज सिंह सह संयोजक के रूप में कार्य करेंगे। इसी प्रकार पश्चिम क्षेत्र का काम प्रमोद अट्टा और दीपक ऋषि देखेंगे। इसके अलावा अलंकार सिंह को ब्रज क्षेत्र का संयोजक और मुकेश गोयल सह संयोजक के रूप में काम देखेंगे।
संपर्क संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन करेंगे विस्तारक
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता हरीश्चन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2022 में विस्तारक योजना के तहत पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर क्षेत्रों में भेजेगी। पार्टी के विस्तारक विधानसभा क्षेत्र में जाकर पूरे समय प्रवास कर पार्टी के कार्यक्रमों का संचालन करेंगे। वह कार्यकर्ताओं से संपर्क संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों का समन्वय कर करेंगें ताकि संगठन द्वारा निर्देशित कार्य सफलतापूर्वक समय से पूरे हो सकें और जन-जन तक पार्टी का संदेश पहुंच सके। इस नाते भाजपा विस्तारक नियुक्त करेगी।