पाण्डवों की तरह हम भले ही सत्ता में नहीं हैं लेकिन धर्म हमारे साथ है: दीपक सिंह
लखनऊ। युवा कांग्रेस द्वारा चलाये जा रहे सदस्यता अभियान के तहत आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर अखिल भारतीय ब्राहमण महासभा के महासचिव आशुतोष शुक्ला एवं आशुतोषाम्बर जी महराज ने अपने साथियों के साथ कांग्रेस विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह जी एवं प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कनिष्क पाण्डेय के समक्ष लखनऊ युवा कांग्रेस के प्रभारी एवं प्रदेश सचिव देवांश तिवारी, जिलाध्यक्ष अंकित तिवारी व दीपक पाण्डेय के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकता सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण समारोह का संचालन प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव अभिषेक सिंह ने की।
इस मौके पर प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कनिष्क पाण्डेय ने कहा कि जिस प्रकार से प्रदेश की सत्ता कहने को तो एक सन्त के हाथ में है लेकिन आये दिन संतों एवं ब्राहमणों व आम जनमानस पर अत्याचार, हत्याओं का सिलसिला लगातार चल रहा है वह इस बात को सिद्ध करता है कि वर्तमान योगी नहीं बल्कि ढोंगी सरकार है। उन्होने कहा कि आज जिस तरह से सैंकड़ों की संख्या में सन्त समाज के लोग एवं युवा वर्ग विभिन्न जनपदों से आकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं वह इस बात का प्रतीक है कि आज प्रदेश के युवा और सन्त आदरणीया श्रीमती प्रियंका गांधी जी की युवाओं एवं हर वर्ग के लिए किये जा रहे कार्यों से प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस विधान परिषद दल के नेता दीपक सिंह ने सदस्यता ग्रहण समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि जब महाभारत का युद्ध छिड़ा तो श्रीकृष्ण, अर्जुन का रथ बीच में लेकर जाते हैं और दोनों तरफ की सेनाओं को सम्बोधित करते हुए कहते हैं कि जिसे लगता है कि धर्म पाण्डवों के साथ है वह युधिष्ठिर के साथ आ जाए और जिसे लगता है कि धर्म कौरवों के साथ है वह उनके साथ चला जाए। आज उ0प्र0 कांग्रेस कार्यालय में जिस प्रकार से इतनी बड़ी संख्या में सन्तों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली है इससे यह पुनः प्रतीत होता है कि पाण्डवों की तरह हम भले ही सत्ता में नहीं हैं लेकिन धर्म हमारे साथ है।
सदस्यता ग्रहण समारोह में प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सतीश अजमानी, पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्रा, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव-प्रभारी उ0प्र0 विनीत कम्बोज, प्रदेश संगठन सहप्रभारी वर्चस्व पाण्डेय, प्रदेश महासचिव अवनीश शुक्ला, अजीत प्रताप सिंह, अभिषेक सिंह, शिवम त्रिपाठी, अनिल दुबे, प्रदेश सचिव मुकेश अवस्थी, रविन्द्र लोधी, प्रदेश संयुक्त सचिव देवांश तिवारी, अंकित तिवारी, दीपक पाण्डेय, उमेश तिवारी, अमित शुक्ला, इब्राहिम आदि युवा कांग्रेस के साथी उपस्थित रहे।