देशबड़ी खबर

‘भारत-पाकिस्तान के बीच 2026 में हो सकती है जंग’, अमेरिकी थिंक टैंक ने दी बड़ी चेतावनी

नई दिल्ली/वॉशिंगटन: अमेरिका के एक प्रमुख थिंक टैंक काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस यानी कि CFR ने अपनी रिपोर्ट में चेतावनी दी है कि 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच ‘जंग’ हो सकती है। थिंक टैंक का कहना है कि दोनों देशों के बीच इस सशस्त्र संघर्ष का मुख्य कारण ‘बढ़ती हुई आतंकवादी गतिविधियां’ हो सकती हैं। हड़कंप मचाने वाली इस रिपोर्ट में अमेरिकी विदेश नीति विशेषज्ञों के सर्वेक्षण का हवाला देते हुए कहा गया है कि ट्रंप प्रशासन ने नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच चल रहे विवाद को खत्म करने की कोशिश की है।

मई में भारत-पाकिस्तान के बीच हुआ था संघर्ष

रिपोर्ट में लिखा है, ‘ट्रंप सरकार ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, गाजा पट्टी, यूक्रेन, भारत-पाकिस्तान और कंबोडिया-थाईलैंड के बीच जारी लड़ाई समेत कई विवादों को खत्म करने की कोशिश की है।’ बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच इस साल मई में एक छोटी सी जंग छिड़ गई थी जो 3 दिनों तक चली थी। पाकिस्तान समर्थित आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में एक कायराना आतंकी हमले में 26 नागरिकों की जान ले ली थी। हमले के कुछ हफ्तों बाद 6 मई की रात को भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था, जिसमें पाकिस्तान में आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाया गया।

ऑपरेशन सिंदूर में तबाह हुए थे कई आतंकी कैंप

‘ऑपरेशन सिंदूर’ में 100 से ज्यादा आतंकवादी मारे गए और 9 आतंकी कैंप पूरी तरह बर्बाद हो गए। 7 से 10 मई के बीच पाकिस्तान ने ड्रोनों के जरिए सैन्य और नागरिक ठिकानों पर हमले की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने हर हमले को सफलतापूर्वक रोक दिया। भारत द्वारा की गई जबरदस्त जवाबी कार्रवाई की वजह से पाकिस्तान की सैन्य नेतृत्व को पीछे हटना पड़ा। 10 मई को पाकिस्तानी DGMO ने अपने भारतीय समकक्ष से संपर्क किया जिसके बाद दोनों पक्षों ने समझौता किया कि LoC पर गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर दी जाए।

पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर भी तनाव

रिपोर्ट में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भी संघर्ष की बात की गई है। इस साल की शुरुआत में अक्टूबर में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा विवाद शुरू हुआ। पाकिस्तान ने TTP के नेता नूर वली महसूद को मारने के लिए काबुल पर एयरस्ट्राइक की। अफगानिस्तान ने इस हमले का कड़ा जवाब दिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। CFR रिपोर्ट कहती है कि 2026 में अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच भी हल्की-फु्ल्की जंग हो सकती है। थिंक टैंक ने इन दोनों के बीच जंग का कारण भी आतंकी हमलों को ही बताया है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button