पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगी प्रियंका गांधी, हफ्ते में पांच दिन यूपी में बिताएंगी
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अपने प्रचार अभियान की शुरूआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से करेगी। 10 अक्टूबर को कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी के जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में जनसभा के साथ चुनाव अभियान का बिगुल फूंकेंगी। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से निर्देश मिलने के बाद वाराणसी में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां जोर-शोर शुरू कर दी है। पूरे प्रदेश से कार्यकर्ताओं को यहां बुलाया जा रहा है।
हफ्ते में पांच दिन यूपी में बिताएंगी
मिशन 2022 के लिए प्रियंका गांधी ने बड़ी तैयारी की है। कांग्रेस ने अभियान के लिए रणनीति भी तय कर ली है। अब प्रियंका गांधी हफ्ते में पांच दिन यूपी में ही बिताएंगी। प्रवास के दौरान प्रियंका गांधी यूपी में चुनावी तैयारियों को परखेंगी। वह बैठकें, रैलियां और जनसंपर्क करेंगी। कांग्रेस ने यूपी चुनाव के लिए जो रणनीति तैयार की है उस पर वह हर पल नजर रखेंगी।
वाराणसी से होगा चुनावी प्रतिज्ञाओं का ऐलान
10 अक्टूबर को वाराणसी में बड़ी रैली करके कांग्रेस की ‘चुनावी प्रतिज्ञा’ का ऐलान करेंगी। वाराणसी की रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ‘चुनावी प्रतिज्ञाएं’ जनता के सामने रखेंगी। 17 अक्टूबर से कांग्रेस की ओर से प्रदेश भर में ‘प्रतिज्ञा यात्रा’ की शुरुआत की जाएगी। यूपी में कुल 4 ‘प्रतिज्ञा यात्राएं’ निकाली जाएंगी। हर एक यात्रा के पहले प्रियंका की एक रैली होगी। ये प्रतिज्ञा यात्राएं लगभग एक महीने तक चलेंगी। इसका समापन लखनऊ में एक महारैली के साथ होगा। महारैली लखनऊ में 19 नवंबर को आयोजित की जाएगी।
प्रत्याशियों पर भी मंथन जारी, मांगा गया प्रस्ताव
लखनऊ दौरे पर आईं प्रियंका गांधी ने टिकटों को लेकर प्रदेश इलेक्शन कमेटी और स्क्रीनिंग कमेटी के साथ बैठकें भी की हैं। इसमें सहमति बनी कि पहली लिस्ट दिवाली के पहले जारी की जाएगी। सभी जिला और शहर इकाइयों से दावेदारों के प्रस्ताव मांगने को कहा गया है। इलेक्शन कमिटी इन्हें शॉर्टलिस्ट कर स्क्रीनिंग कमिटी को भेजेगी। मीटिंग के दौरान कांग्रेस महासचिव ने जमीनी स्तर से जानकारी जुटाने के लिए जिला स्तर पर वॉर रूम स्थापित करने के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वॉर रूम में चुनावी रणनीति के तहत आकस्मिक मुद्दों पर त्वरित निर्णय लिया जा सकेगा।
दलितों और मुसलमानों पर फोकस
यूपी चुनाव के लिए प्रियंका गांधी ने दलितों और मुसलमानों पर फ़ोकस किया है। ये पार्टी के परंपरागत वोटर रहे लेकिन धीरे धीरे इनका कांग्रेस से मोहभंग हो गया। अब पार्टी से फिर से पुराने फ़ार्मूले पर क़िस्मत आज़माना चाहती है। पहले दलित आ गए तो मुसलमान आ जायेंगे और फिर अगर ये दोनों पार्टी के साथ हुए तो ब्राह्मण अपने आप आ सकते हैं। पार्टी की बदली हुई रणनीति पर प्रियंका ने सोशल मीडिया में बीजेपी से मुक़ाबले के लिए हजारों कार्यकर्ताओं की टीम लगा दी है। मंत्र यही है कि हर तरह से मुक़ाबला होगा।