देशबड़ी खबर

मुखर्जी, उपाध्याय और अटल जी के दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्री मोदी: योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि तीन महान नेताओं पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत को नयी दिशा दी और उनकी विरासत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर एवं विकसित राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है।

यहां पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण के मौके पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के भारत के उज्ज्वल भविष्य को लेकर कहे गए शब्द केवल आशा की अभिव्यक्ति नहीं थे, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके दूरदर्शी दृष्टिकोण, गहरे विश्वास और दृढ़ संकल्प को दर्शाते थे। उन्होंने कहा, जब वाजपेयी ने अपनी कविता में अंधेरा छंटेगा, सूरज उगेगा और कमल खिलेगा की बात कही थी, तो वह भारत के उज्ज्वल भविष्य में उनके अटूट विश्वास का प्रतीक था—एक ऐसा दृष्टिकोण, जो आज विकसित भारत के रूप में साकार होता दिख रहा है।

योगी ने कहा कि अटल जी ने कवि, पत्रकार, राष्ट्रवादी विचारक और भारत के सच्चे सपूत के रूप में जो नेतृत्व दिया, उसे हर भारतवासी आज विकास के नए रूप में देख रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, वाजपेयी की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित राष्ट्र प्रेरणा स्थल समारोह के मुख्य अतिथि-हम सबके मार्गदर्शक, अमृत काल के सारथी, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के शिल्पकार, विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता एवं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैं उत्तर प्रदेश की जनता की ओर से स्वागत करते हैं।’’ इससे पहले योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अंगवस्त्र भेंट कर तथा अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक का काम करेगा प्रेरणा स्थल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ कहा कि लखनऊ में ऐसा प्रेरणा स्थल विकसित किया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनेगा। श्री योगी ने गुरुवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मभूमि लखनऊ में अमृतकाल के महानायक और विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत करना प्रदेशवासियों के लिए गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने मंच पर उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं और लाखों कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज का दिन हम सबके लिए ऐतिहासिक है।

प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप देश के तीन महापुरुषों के नाम पर यह प्रेरणा स्थल विकसित किया गया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनेगा। उन्होंने कहा कि इन तीनों महापुरुषों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के मंत्र पर लगातार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री के कर-कमलों से प्रेरणा स्थल का लोकार्पण होना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज अटल जी के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अटल बिहारी वाजपेयी को भारत के सच्चे सपूत के रूप में सदैव याद किया जाएगा। यह प्रेरणा स्थल देशवासियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। अंत में उन्होंने इस अवसर पर सभी का धन्यवाद और अभिनंदन किया।”

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button