देशबड़ी खबर

आंदोलनकारी किसान नेताओं के साथ तीन केंद्रीय मंत्रियों ने चंडीगढ़ में वार्ता की, सीएम भगवंत मान भी हुए शामिल

चंडीगढ़। पंजाब और हरियाणा की दो सीमा चौकियों के रास्ते दिल्ली कूच करने को लेकर किसानों और पुलिस के बीच जारी गतिरोध के बीच तीन केंद्रीय मंत्रियों ने किसान नेताओं के साथ बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में तीसरे दौर की बातचीत की। चंडीगढ़ के सेक्टर 26 स्थित महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान में आयोजित बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल हुए।

कृषि और किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी सहित किसान संघों की विभिन्न मांगों पर जारी बातचीत में केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। देर रात तक बातचीत जारी रही। यह दोनों पक्षों की ओर से तीसरे दौर की वार्ता है।

इससे पहले दो दौर की वार्ता क्रमश: आठ और 12 फरवरी को हुई थी जो बेनतीजा रही थी। बैठक में किसानों का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं में संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के जगजीत सिंह डल्लेवाल और किसान मजदूर संघर्ष समिति के महासचिव सरवन सिंह पंधेर शामिल हैं। इन दोनों संगठनों ने ही अपनी मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के वास्ते ‘दिल्ली चलो’ का आह्वान किया है।

पंजाब के किसानों ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी की ओर मार्च शुरू किया, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हरियाणा के साथ शंभू और खनौरी सीमा बिंदुओं पर रोक दिया। प्रदर्शनकारी किसान सीमा बिंदुओं पर डेरा डाले हुए हैं। किसान नेताओं ने कहा था कि वे मंत्रियों के साथ बैठक होने तक दिल्ली की ओर बढ़ने का कोई नया प्रयास नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका अगला कदम केंद्र के प्रस्तावों पर आधारित होगा।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button