उत्तर प्रदेशलखनऊ

आत्मरक्षा में निपुण होंगी प्रदेश की बेटियां

  • उच्च प्राथमिक और कम्पोजिट विद्यालयों की छात्राओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण
  • विषम परिस्थितियों में भी बिना विचलित हुए कर सकेंगी उनका सामना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को प्रदेश की बेटियों को विपरीत परिस्थिति में सामना करने के लिए रोजगार से जोड़ने के साथ ही आत्मरक्षा के हुनर भी सिखाएगी। उच्च प्राथमिक विद्यालयों और कम्पोजिट विद्यालयों में बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा। महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरण आनंद की ओर से इस संदर्भ में आदेश दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि योगी सरकार द्वारा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, सशक्तीकरण एवं स्वावलम्बन हेतु मिशन शक्ति का फेज-4 गतिमान है। इसके अन्तर्गत कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने के किए उचित दिशा निर्देश भी दिए गए हैं।

बालिकाएं होंगी आत्मनिर्भर

कार्ययोजना एवं क्रियान्वयन के लिए दिए गए निर्देशों में कहा गया है कि आत्मरक्षा का मुख्य उद्देश्य यह है कि बालिकाओं को प्रशिक्षण के माध्यम से शारीरिक व मानसिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सके, ताकि वह किसी भी विषम परिस्थितियों से बिना विचलित हुए उसका सामना कर सकें। आत्मरक्षा के लिए पलटवार कर आक्रमण सबसे उपयुक्त हथियार है, इस मूल मंत्र को ध्यान में रखते हुए बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण की कार्य योजना तैयार की गई है। यह प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिसम्बर 2022 से प्रारम्भ होकर फरवरी 2023 तक संचालित किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा अनुदेशक एवं केजीबीवी के खेल शिक्षक व शिक्षिकाएं विद्यालय में शारीरिक शिक्षा, खेलकूद, कला संगीत के लिए निर्धारित कालांश के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत समस्त बालिकाओं को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

विभिन्न माध्यमों से बालिकाओं को करें जागरूक

निर्देशों में ये भी कहा गया है कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण विद्यालय के प्रधानाध्यापक की निगरानी में कराया जाए। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय की एक शिक्षिका को भी सम्मिलित किया जाए जो सतत् रूप से बालिकाओं के प्रशिक्षण की अवधि में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम के प्रथम सप्ताह में वार्मअप गतिविधियों के दौरान बच्चों के साथ सुरक्षा के उपायों, कानूनों तथा हेल्पलाइन नम्बर आदि के बारे में जागरूक करते हुए मॉकड्रिल कराया जाएगा। सुलभ संदर्भ हेतु महिलाओं एवं बच्चों के प्रति अपराधों के विषय में महत्वपूर्ण कानून पर आधारित महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन मुख्यालय, 1090 लखनऊ द्वारा विकसित बुकलेट भी प्रेषित की जा रही है। इसको पढ़कर बच्चों के साथ विस्तृत चर्चा की जाए।

प्रत्येक स्तर पर बरती जाए सावधानी

प्रशिक्षण के दौरान ध्यान देने योग्य बातें व सावधानियों का भी जिक्र किया गया है। इसके अनुसार आत्मरक्षा प्रशिक्षण खुले, स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण में ही कराया जाए। प्रशिक्षण के शुरुआती दिनों में बालिकाओं को आत्मरक्षा के महत्व के बारे जानकारी दी जाए तथा हल्के-फुल्के व्यायाम कराए जाएं। दिवसवार कार्ययोजना के अनुसार आत्मरक्षा कौशल विकसित करने की विभिन्न तकनीकों को सिखाया जाए और अभ्यास अवश्य कराया जाए। प्रशिक्षक का यह उत्तरदायित्व है कि वह सबसे पहले बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए तैयार करें। किसी भी गतिविधि से पहले प्रशिक्षक द्वारा यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि बालिका अस्वस्थ न हो तथा शारीरिक गतिविधि के लिए तैयार हो।प्रशिक्षक द्वारा बालिकाओं को उनकी क्षमतानुसार ही कौशल का प्रशिक्षण दिया जाए। यदि किसी को प्रशिक्षण में कठिनाई आ रही है तो उसे गतिविधि के लिए बाध्य न किया जाए। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बालिकाएं इस कौशल का उपयोग अनावश्यक रूप से आपस में न करके विशेष परिस्थितियों में ही इसका उपयोग करें।

प्रशिक्षित शिक्षक देंगे ट्रेनिंग

समग्र शिक्षा के अन्तर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालयों, कम्पोजिट विद्यालयों में वर्तमान में कुल 10 हजार 158 स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा के अनुदेशक तथा 746 केजीबीवी में कुल 10 हजार 904 अनुदेशक एवं शिक्षक व शिक्षिकाएं कार्यरत हैं। स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा अनुदेशकों तथा केजीबीबी के खेल शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को विगत वर्षों में जनपद और ब्लाक स्तर पर आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। गत वर्ष इन्हीं स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा के अनुदेशकों के माध्यम से विद्यालयों में आत्मरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन कराया गया है। वर्ष 2022-23 के लिए भी गत वर्ष की भांति स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा अनुदेशक तथा खेल शिक्षक व शिक्षिकाएं अपने विद्यालय में शारीरिक शिक्षा के अन्तर्गत बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button