उत्तर प्रदेशलखनऊ

यह सपा की बच्चों की कोमल चेतना में राजनीतिक विष घोलने की साजिश: भूपेंद्र सिंह चौधरी

  • ‘पीडीए पाठशाला’ में बच्चों को ‘ए फॉर अखिलेश यादव’ और ‘डी फॉर डिंपल यादव’ जैसे पाठ पढ़ाना निंदनीय

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सहारनपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा शुरू की गई ‘पीडीए पाठशाला’ में बच्चों को ‘ए फॉर अखिलेश यादव’ और ‘डी फॉर डिंपल यादव’ जैसे पाठ पढ़ाए जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे बच्चों की कोमल चेतना में राजनीतिक विष घोलने की साजिश करार दिया और इसे ‘शिक्षा नहीं, समाजवादी ब्रेनवॉश’ बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की शिक्षा को राजनीति की प्रयोगशाला नहीं बनने दिया जाएगा और इस विकृत मानसिकता के खिलाफ हर मंच पर लड़ाई लड़ी जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी जब सत्ता में थी तब भी उसने बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और आज भी कर रही है। अपने राजनीतिक हितों को पूरा करने के लिए समाजवादी पार्टी इस हद तक गिर चुकी है कि अब वह ए फॉर अखिलेश और डी फॉर डिम्पल का पाठ बच्चों को पढ़ा रही है। पाठशाला में भी उनकी सोच परिवार से आगे नहीं बढ़ पाई। उन्हें सच में बच्चों के भविष्य की चिंता होती तो वो बच्चों को महापुरुषों के बारे में पढ़ाते। बच्चों को ए फॉर एपीजे अब्दुल कलाम पढाते। सपा का मूल चरित्र ही झूठ बोलना और स्वांग रचकर लोगो को भ्रमित करने का है।

उन्होंने कहा कि सपा की पीडीए पाठशाला में ए फॉर अखिलेश और डी फॉर डिंपल जैसे पाठ पढ़ाना बच्चों के दिमाग में राजनीतिक विचारधारा थोपने की निंदनीय कोशिश है। शिक्षा को राजनीति से मुक्त रखा जाना चाहिए, ताकि बच्चे निष्पक्ष और तार्किक सोच विकसित कर सकें। यह बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि सपा के शासनकाल (2012-2017) में उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी। स्कूलों में शिक्षकों की कमी, जर्जर भवन और नकल माफिया का बोलबाला था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में शिक्षा का स्तर अभूतपूर्व रूप से सुधरा है। नकल माफिया पर सख्त कार्रवाई, स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और डिजिटल शिक्षा ने बच्चों को बेहतर माहौल प्रदान किया है। सपा अब इस प्रगति से जलन में बच्चों के दिमाग में राजनीतिक जहर घोलने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा पवित्र है। इसे सपा जैसे दलों की ओछी राजनीति का शिकार नहीं बनने देंगे। हम उत्तर प्रदेश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button