दिल्ली में बीच सड़क महिला सुरक्षा की उड़ाई गई धज्जियां, 1 लड़के ने 6 लड़कियों को पीटा

राष्ट्रीय राजधानी में आए दिन महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते रहते हैं। इस बीच दिल्ली में एक बार फिर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने बीच सड़क पर 6 लड़कियों की बेरहमी से पिटाई कर दी है। हैरानी की बात ये है कि मौके पर मौजूद सैकड़ों लोग तमाशबीन बने रहे, लेकिन किसी ने भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की कोशिश नहीं की। बता दें कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि 1 लड़का 6 लड़कियों को सरेआम पीट रहा है और वहां खड़े लोग सिर्फ तमाशा देख रहे हैं।
वीडियो हुआ वायरल
इस वीडियो में यह भी दिख रहा है कि कैसे लड़कियां खुद के बचाव के लिए लड़के से हाथापाई करते दिख रही हैं, लेकिन लड़का फिर भी नहीं मानता और वह उनकी पिटाई कर रहा है। बता दें कि यह घटना दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 7 की बताई जा रही है। एक लड़का यहां कुछ लड़कियों को बाल पकड़कर भगा-भगाकर पीट रहा है। लड़के के हाथ में जो भी आ रहा है, उससे वह लड़सियों की पिटाई कर रहा है। इसके बाद वहां कई लोग आ जाते हैं जो लड़के को ना ही पकड़ते हैं और ना ही बीचबचाव करने का प्रयास करते हैं। जो लोग वहां खड़े हैं वो सिर्फ तमाशा देख रहे हैं।
दहेज के लिए हत्या
बता दें कि बीते दिनों दिल्ली के द्वारका इलाके में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या का मामला सामने आया था। यहां 22 साल की कोमल उर्फ वर्षा नाम की लड़की ने 21 अगस्त को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। हालांकि, लड़की के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उसकी हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया। कोमल की शादी इसी साल 16 अप्रैल को अमन नाम के लड़के के साथ सतग बदू सराय इलाके में हुई थी। कोमल के परिजनों का कहना है कि ससुराल के लोग दहेज के लिए अक्सर उसे परेशान करते थे। उसने यह बात उनके साथ भी शेयर की थी।