ताज़ा ख़बरदेश

Russia-Ukraine Crisis पर राजनाथ सिंह बोले- शांति चाहता है भारत, बातचीत के जरिए निकले समाधान

रूस और यूक्रेन के बीच लगातार तनाव बढ़ता जा रहा है। पूरे विश्व की नजर दोनों देशों पर है। इसके साथ ही भारत भी रूस-यूक्रेन विवाद को लेकर चिंतित नजर आ रहा था। भारत की ओर से लगातार दोनों देशों से शांति की अपील की जा रही है। इसी कड़ी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बड़ा बयान दिया है। रूस-यूक्रेन विवाद पर रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत यूक्रेन के मामले पर यही चाहता है कि बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाए। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा है कि वे रूस के राष्ट्रपति के साथ बात करेंगे। अगर इन दोनों की बातचीत होगी तो निश्चित तौर पर समाधान निकलेगा। जहां तक भारत की बात है भारत शांति चाहता है।

इन सब के बीच भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए एयर इंडिया की स्पेशल फ्लाइट आज सुबह भारत से यूक्रेन के लिए रवाना हुई। यूक्रेन से स्पेशल फ्लाइट आज रात दिल्ली में लैंड करेगी। आपको बता दें कि भारत ने यूक्रेन में एक ताजा परामर्श जारी कर भारतीय नागरिकों से कहा कि यदि उनका प्रवास जरूरी नहीं है तो वे अस्थायी रूप से देश छोड़ दें। साथ ही भारत ने यूक्रेन में दूतावास कर्मियों के परिवार के सदस्यों से वापस घर लौटने को कहा है। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि एवं राजदूत टीएस तिरुमूर्ति ने सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में कहा कि हम यूक्रेन की पूर्वी सीमा पर हो रही गतिविधियों और रूसी संघ द्वारा इस संबंध में की गई घोषणा सहित पूरे घटनाक्रम पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि रूसी संघ के साथ लगी यूक्रेन की सीमा पर बढ़ता तनाव गंभीर चिंता का विषय है। इन चीज़ों से क्षेत्र की शांति एवं सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

टी.एस. तिरुमूर्ति ने कहा कि हम (भारत) सभी पक्षों से संयम बरतने का आह्वान करते हैं। हमें विश्वास है कि इस मुद्दे को केवल राजनयिक बातचीत के माध्यम से हल किया जा सकता है। भारत ने कहा कि सभी देशों के वैध सुरक्षा हितों को ध्यान में रखते हुए तनाव को कम करना और इस क्षेत्र तथा उसके बाहर दीर्घकालिक शांति एवं स्थिरता स्थापित करना पहली प्राथमिकता है। टीएस तिरुमूर्ति ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा आवश्यक है। 20,000 से अधिक भारतीय छात्र और नागरिक यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहते और पढ़ते हैं। भारतीयों की सलामती हमारी प्राथमिकता है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button